मां के बगल में सो रहे 16 दिन के बच्चे को उठा ले गया बंदर; वन व दमकल विभाग कर रहे तलाश

ओडिशा में बंदर 16 दिन के एक नवजात को उठा ले गया। घटना के दौरान वह घर में मां के बगल में सो रहा था। बच्चे की तलाश के लिए वन और दमकल विभाग मिलकर संयुक्त अभियान चला रहे हैं। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह मामला कट्टक जिले के तलबस्ता गांव का है। शनिवार (31 मार्च) को बच्चा मां के ठीक बगल में सो रहा था। घर में उसी दौरान एक बंदर घुस आया था, जो बच्चे को उठा ले गया। घटना के फौरन बाद महिला को कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ। वह उठी तो उसने बच्चे को वहां से गायब पाया। आसपास बच्चे की तलाश की। लेकिन वह नहीं मिला। बाहर जाकर देखा तो बच्चे को बंदर अपने साथ लेकर जा रहा था।

ऐसे में महिला ने पड़ोसियों को जाकर मामले की जानकारी दी। गांव वाले इस बाबत स्थानीय अधिकारियों के पास पहुंचे, जहां लोगों ने उन्हें घटना के बारे में बताया। सूचना पर वन विभाग और दमकल विभाग के दस्ते गांव पहुंचे और बच्चे को ढूंढने के लिए दोनों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन की शुरुआत की।

वन विभाग अधिकारियों के अनुसार, “बच्चा अगर रो रहा होता तो हमें उसकी आवाज सुनाई देती। मगर ऐसा नहीं हो रहा। हमारे लिए उसे घने जंगल में तलाशना इस स्थिति में थोड़ा कठिन हो रहा है।”

बच्चे को खोजने के लिए 30 वन विभाग अधिकारियों की तीन टीमों को जंगल में भेजा गया है, जिनका नेतृत्व दंपदा फॉरेस्ट रेंज के रेंजर संग्राम केशरी मोहांती कर रहे हैं। गांव वाले भी इस दौरान वन विभाग अधिकारियों का सहयोग कर रहे हैं।

आपको बता दें कि बीते दिनों यहां पर बंदरों ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया था। कुछ लोग बंदरों के हमलों में जख्मी भी हुए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत बार-बार शिकायत देने पर भी कार्रवाई नहीं होती, जिसके कारण यह समस्या बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *