रेप की सज़ा काटकर दो महीने पहले जेल से छूटे मामा ने नाबालिग भांजी का किया बलात्कार

मध्यप्रदेश से खबर आई है यहां रिश्ते को तार-तार करने की। यहां एक शख्स ने अपनी हवस की आग बुझाने के लिए अपनी ही भांजी के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना धार जिले के धामनोद थानाक्षेत्र के साला गांव की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को (30 जून) को पीड़ित बच्ची के माता-पिता अपने किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। घर में बच्ची और उसका भाई सो रहे थे। इसी दौरान बच्ची का मामा उदय सिंह चुपके से घर में दाखिल हुआ और बच्ची का मुंह दबाकर उसे पास ही स्थित ईंट के एक भट्टे में सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

बलात्कार के मामले में काटी थी सजा: जानकारी के मुताबिक रेप के आरोपी बच्ची के मामा उदयसिंह पर पहले भी रेप का आरोप लग चुका है। बड़वानी जिले के सेंधवा में रहने वाली एक लड़की ने उदय सिंह पर रेप का आरोप लगाया था। इस मामले में उदयसिंह 10 साल की सजा काटने के बाद अभी दो महीने पहले ही जेल से छूट कर घर आय़ा था। इधर पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

मध्य प्रदेश में महिला सुरक्षा का मुद्दा इन दिनों काफी गर्म है। राज्य में महिलाओं पर यौन हमले काफी बढ़े हैं। जिसकी वजह से राज्य में पुलिस-प्रशासन के कामकाज पर भी सवाल उठे हैं। राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार भी विपक्षी पार्टियों के निशाने पर है। अभी हाल ही में    एमपी के मंदसौर में एक नाबालिग बच्ची से हुई रेप का मामला भी इन दिनों मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है।

इस मामले में दुष्कर्म के आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी थी। बच्ची को बेहद ही गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बड़ी मुश्किल से बच्ची की जान बची थी। पीड़ित परिवार वाले आरोपी शख्स के खिलाफ फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं। दुष्कर्म के आरोपी शख्स ने बच्ची को बहला-फुसलाकर पहले उसे अगवा किया था और फिर उसपर यौन हमला किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *