बदबूदार मोजों पर बस में बवाल, बीच में उतर यात्रियों ने शख्स को कराया गिरफ्तार

देश की राजधानी दिल्ली में मोजों की दुर्गंध एक शख्स के लिए बेहद महंगी साबित हुई। इतनी कि उसे इस चक्कर में सलाखों की हवा खानी पड़ गई। शख्स एसी बस में सफर कर रहा था, तभी अन्य यात्री उसके मोजों से आ रही दुर्गंध पर भड़क गए। मोजे अंदर रखने के लिए कहा, तो शख्स ने मना कर दिया। फिर क्या था, बस को बीच रास्ते में रुकवाकर उन्होंने शख्स के खिलाफ थाने में एफआईआर करा दी। शिकायत पर पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। यह मामला 26 नवंबर के दौरान का है। मूल रूप से बिहार के रहने वाले प्रकाश कुमार (27) वोल्वो बस में सफर कर रहे थे। 26 नवंबर को वह हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से बस में चढ़े थे और दिल्ली आ रहे थे। सफर के दौरान उनके मोजों से दुर्गंध आ रही थी। यात्रियों ने इसी बात पर पहले तो उन्हें टोका। लोगों ने उन्हें बदबूदार मोजे बैग में रखने के लिए कहा। मगर उन्होंने ऐसा करने से न कर दी।

बस में अन्य यात्री उनकी इस बात पर भड़क गए। दोनों पक्षों के बीच बवाल हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि बीच में बस रुकवा दी गई। हाईवे के पास पड़ने वाले पुलिस थाने पर अन्य यात्रियों ने बस रुकवाई। वे आरोपी प्रकाश को इसके बाद पुलिस थाने ले गए, जहां उसकी शिकायत दी गई। जानकारी पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और शांति भंग करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रकाश को 27 नवंबर को डिविजनल मजिस्ट्रेट के पास ले जाया गया। वहां से उन्हें जमानत मिल गई। एक अंग्रेजी अखबार से हुई बातचीत में उन्होंने बताया, “मेरे मोजों से दुर्गंध नहीं आ रही थी। यात्रियों ने जबरन मुझसे झगड़ा किया था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *