गुजरात चुनाव: टिकट बंटवारे से नाराज पटेल कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

गुजरात में कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी होने के बाद हंगामा शुरू हो गया है। पाटीदार समुदाय कांग्रेस के टिकट बंटवारे से खुश नहीं है। रविवार को जारी की गई 77 उम्मदवारों की पहली लिस्ट में कांग्रेस ने 20 पटेल उम्मीदवारों को टिकट दिया है। जिसके बाद हार्दिक पटेल की अगुवाई वाली पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) के सदस्यों ने कांग्रेस के सूरत के दफ्तर पर हमला किया। जहां उनकी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमकर झड़प हुई । पास कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने आंदोलन के दो नेताओं के नाम सहमति के बिना सूची में शामिल किए गए हैं। हालांकि हार्दिक पटेल पहले ही गुजरात चुनाव में कांग्रेस को समर्थन की बात कह चुके हैं। एकतरफ जहां कांग्रेस और पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के कार्यकर्ताओं में झड़प की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस चुनाव के लिए अपना प्रचार तेज करने में जुट गई है।

पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी द्वारा जारी की गई लिस्ट में अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। गुजरात में नौ और 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। अन्य स्टार प्रचारकों में एआईसीसी के महासचिव और पार्टी के गुजरात प्रभारी अशोक गहलोत, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी और अन्य नेता शामिल हैं। इस सूची में रणदीप सिंह सुरजेवाला और ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी नाम है। कांग्रेस ने रविवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *