PNB स्कैम: केजरीवाल बोले- कांग्रेस राज के घोटाले आज भी चल रहे, यूजर्स ने पूछा- आपने शीला को जेल भेजा?

पंजाब नेशनल बैंक के घोटाले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पीएनबी स्कैम 2011 में हुआ और आज तक चल रहा है। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के राज में शुरू हुए घोटाले आज तक चल रहे हैं, पहले कांग्रेस कमाई करती थी अब उन्हीं घोटालों से बीजेपी कमाती है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “पीएनबी स्कैम 2011 में चालू हुआ, आज तक चल रहा है। भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगा रही है और कांग्रेस भाजपा पर। सच ये है कि कांग्रेस के समय के सारे घोटाले आज भी चल रहे हैं। पहले कांग्रेस कमाती थी, अब उन्हीं घोटालों से भाजपा कमाती है। इसीलिए आज तक भाजपा ने किसी भी घोटाले में एक भी कांग्रेस वाले को जेल नहीं भेजा।” अरविंद केजरीवाल के इस ट्वीट पर खूब प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स केजरीवाल को उनके वादे याद दिला रहे हैं। ट्विटर पर लोगों ने केजरीवाल से पूछा है कि दिल्ली का सीएम बनने से पहले वह शीला दीक्षित को जेल भेजने की बात करते थे उनका क्या हुआ।

एक यूजर्स ने लिखा, “कांग्रेस के घोटाले भी भारतीय जीवन बीमा निगम की योजनाओं की तरह हो गये हैं, सत्ता के साथ भी, सत्ता के बाद भी।” एक यूजर ने केजरीवाल पर तंज कसा, ” केजरीवाल जी आप शीला दीक्षित के भ्रष्टाचार पर 370 पेज का सबूत दिखाया करते थे, उसको कहा गायब कर दिया, आप नेताओं ने दिल्ली चुनाव में कांग्रेस की शीला दीक्षित को जेल भेजने का वादा किया था उसको भूल गए क्या केजरीवाल जी।” पद्मकांत द्विवेदी ने लिखा, “अरविंद जी, 3 साल शीला जी जेल में हैं, उनको परोल पर रिहा कर दो अब, बहुत टाइम हो गया।” एस एन सिंह राठौर ने लिखा, “आपने शीला दीक्षित को भेजा क्या? आप भी तो उनके ही घोटालों पर चल के कमा रहे हैं।” सन्नी नेगी ने लिखा, “आप भी तो शीला जी को जेल भेज रहे थे क्या करें सबूत गायब हो गए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *