बेंगलुरु: 24 साल की युवती गिरफ्तार, 17 साल के किशोर को अगवा कर रेप करने का आरोप

बेंगलुरु पुलिस ने 24 वर्षीय एक महिला को नाबालिग लड़के को अगवा कर उसके साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह मामला कोलर गोल्ड फील्ड इलाके का है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार पुलिस ने बताया कि महिला और पीड़ित दोनों ही कोलर गोल्ड फील्ड इलाके के रहने वाले हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और पीड़ित लड़के का मेडिकल टेस्ट कराया गया जिसमें दोनों के शारीरिक संबंध बनाने की बात सामने आई है। महिला का पति पीने का पानी सप्लाई करने का काम करता है और वह घर संभालती है। दोनों की शादी को दो साल बीत गए हैं लेकिन उन्हें कोई बच्चा नहीं है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर से पीड़ित लड़का और महिला दोनों ही गायब थे। रात को महिला के पति ने रॉबर्टसनपेट पुलिस थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। वहीं अगले दिन यानि 25 अक्टूबर की सुबह लड़के के पिता अपने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंच गए। चूंकि महिला भी लापता थी तो उसका पति उसकी एक फोटो पुलिस थाने में देकर आया था जो कि दुरभाग्यवश पुलिस अधिकारी की टेबल पर ही पड़ी हुई थी जो कि लड़के के पिता ने देख ली। लड़के के पिता ने पुलिस अधिकारी से पूछा कि महिला की फोटो यहां स्टेशन में क्यों है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने लड़के के पिता को बताया कि महिला के पति ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। यह सुनते ही लड़के के पिता को महिला पर संदेह हुआ कि वही उसके बेटे को लेकर भागी है क्योंकि दोनों एक दूसरे को जानते थे।

पहले तो पुलिस ने लड़के के पिता के दावों पर ध्यान नहीं दिया लेकिन जब पुलिस ने उनके पड़ोसियों से बातचीत की तो उन्हें पता चला की दोनों के बीच अफेयर था। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए कोरल गोल्ड फील्ड बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उसमें पाया गया कि दोनों 24 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश जाने वाली बस में चढ़े थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला का फोन ट्रेक किया जिससे उन्हें पता चला कि दोनों हर दो दिन के अंदर अपनी जगह बदल रहे थे। दोनों तमिलनाडू की कई जगहों पर गए। मामले की जांच कर रही टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद 13 नवंबर को दोनों को वेलनकान्नी के एक हॉटल से पकड़ा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमारे लिए आरोपी महिला से यह कबूल करवाना बहुत मुश्किल था कि उसने इस अपराध को अंजाम दिया है क्योंकि वह हमसे बहस किए जा रही थी कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और जल्द ही शादी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *