महबूबा मुफ्ती पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में बीजेपी विधायक का भाई गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कश्मीर के कठुआ जिले की बासोहली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चौधरी लाल सिंह के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक का नाम राजिन्दर सिंह उर्फ बब्बी है। राजिन्दर सिंह पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि ये टिप्पणी मई 2018 में कठुआ जिले में आयोजित रैली के दौरान की गई थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम तभी से उसकी तलाश में थी। पुलिस ने राजिन्दर सिंह को राजस्थान के उदयपुर जिले से गिरफ्तार किया है।

इस गिरफ्तारी के बारे में जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी एसपी वैद ने बताया,”पुलिस ने राजिन्दर सिंह को राजस्थान के ​उदयपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ये कार्रवाई उसकी स्थिति पता चलने के बाद की है। राजिन्दर सिंह एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।” पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त राजिन्दर मुंबई भागने की तैयारी कर रहा था। उस पर कानूनी तरीके से मुकदमा चलाने के​ लिए उसे जम्मू लेकर आई है।

बता दें कि बीते 20 मई को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में डोगरा स्वाभिमान रैली का आयोजन किया गया था। राजिन्दर सिंह पर आरोप है कि इसी रैली में उसने सीएम महबूबा मुफ्ती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इस रैली का आयोजन राजिन्दर सिंह के बड़े भाई पूर्व वन मंत्री चौधरी लाल सिंह ने किया था। रैली में कठुआ रेप और हत्या के मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी। आरोप है कि अपने बड़े भाई के नेतृत्व में निकाली गई रैली में राजिन्दर ने लखनपुर से हीरानगर तक अपने ग्रुप के मार्च का नेतृत्व किया था। इसी दौरान उसने मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *