छेड़खानी से बचने को गर्भवती महिला ने चलती वैन से लगाई छलांग, मौत

तेलंगाना के मेडक जिले में एक गर्भवती महिला ने चलती वैन से छलांग लगा दी। ड्राइवर और क्लीनर उससे इस दौरान रेप करना चाह रहे थे। महिला ने इसी से बचने के लिए यह कदम उठाया। ऐसा कर उसने अपनी इज्जत तो बचा ली, लेकिन इस चक्कर में उसकी जान चली गई। यह मामला टूपरण ब्लॉक के रवेली गांव के पास हैदराबाद-नागपुर नेशनल हाईवे 44 का है। पुलिस ने बताया कि उदी कलावती सात माह की गर्भवती थी। शनिवार रात वह पुराने कपड़े बेचकर गांव कोमपल्ली लौट रही थी, जो हैदराबाद की सीमा से सटा है। चूंकि उसकी आरटीसी बस (राज्य की सरकारी बस) छूट गई थी, इसलिए वह एक वैन से आ रही थी। महिला के साथ उसकी बेटी सिरिषा (सात) भी थी। सफर के बीच में ड्राइवर ने महिला को टूपरण टोल पर फीस देने के लिए कहा। कुछ दूर आगे जाकर ड्राइवर और क्लीनर ने महिला से रेप की कोशिश की, लेकिन उसने चलती वैन से छलांग लगा दी। आरोपियों ने इसके बाद उसकी बेटी को गाड़ी से उतारा और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

घटनास्थल पर आस-पास के इलाकों के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। महिला तब तक दम तोड़ चुकी थी। फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मृतका के पति रेगोंडा और बाकी रिश्तेदारों को इस बारे में बताया गया। वहीं, बच्ची घटना के बारे में कुछ भी बता नहीं पा रही है। वह पिता को सिर्फ इतना बता सकी है कि छलांग लगाने से पहले उसने वैन में मां को उन दोनों लोगों से लड़ते हुए देखा था।

उधर, फुटेज से पता लगा है कि महिला ने पहले कपड़ों से भरी गठरी को गाड़ी से फेंका था। फिर वैन से छलांग लगाई थी। बीच में ड्राइवर ब्रेक लगाता दिखा, मगर बाद में उसने वैन की रफ्तार बढ़ा दी थी। पुलिस ने रविवार दोपहर परिजन की शिकायत के आधार पर रहस्यमई हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच में अगर उसके साथ छेड़छाड़ की बात सामने आई, तो पुलिस इसे भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं में भी शामिल करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *