राजस्‍थान उपचुनाव में कांग्रेस ने मारी बाजी, अपने ही गढ़ में बुरी तरह हारी BJP

राजस्‍थान उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। अलवर सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार करण सिंह यादव ने भाजपा के जसवंत सिंह यादव को 1,56,319 वोट से हरा दिया है। अजमेर में भी कांग्रेस के रघु शर्मा ने जीत दर्ज की है।इसके अलावा मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवार विवेक धाकड़ ने भाजपा के शक्ति सिंह को 12,976 मतों से हरा दिया है। हालांकि पूर्व में अजमेर लोकसभा क्षेत्र से में कांग्रेस के रघु शर्मा को भाजपा के राम स्वरूप लांबा से चुनौती मिल रही थी, लेकिन बाद भाजपा उम्मीदवार पिछड़ गया। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उपचुनाव के ये नतीजे 2019 लोकसभा चुनाव की झलक हैं। गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, “यह उपचुनाव भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ हैं।” वहीं उप चुनाव नतीजें आने के बाद भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है।

सूबे की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। ट्विटर पर उन्होंने लिखा है, ‘जनता की सेवा का जो प्रण चार साल पहले लिया था, उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में जो फैसला जनता दिया है वह सिर आंखों पर।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘हम राजस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और रहेंगे। मैं भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इन चुनावों में मेहनत की लेकिन अब हमें और कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।’

दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने नोआपारा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा नंबर दो की पार्टी बनकर उभरी है और कांग्रेस बुरी तरह से पिछड़कर चौथे स्थान पर है। नोआपारा में कांग्रेस विधायक मधुसूदन घोष के निधन के कारण उपचुनाव हुआ। यहां तृणमूल के सुनील सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संदीप बनर्जी को 63,000 से ज्यादा मतों से मात दी। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस चौथे स्थान पर रही और उसकी जमानत जब्त हो गई। उलुबेरिया लोकसभा सीट पर तृणमूल की सजदा अहमद ने ने भाजपा के अनुपम मलिक से 4,07,270 मतों से हरा दिया। यह सीट सजदा के पति सुल्‍तान अहमद के निधन के बाद खाली हुई थी।

– प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने वसुंधरा राजे के इस्‍तीफे की मांग की है। उन्‍होंने कहा कि ‘भाजपा द्वारा धर्म के नाम पर वोटरों का तुष्‍टीकरण करने में नाकामी के बाद वसुंधरा राजे को नैतिक आधार पर त्‍याग-पत्र दे देना चाहिए।’

– कांग्रेस राजस्‍थान के उपचुनावों में क्‍लीन स्‍वीप करने को तैयार है। अलवर में कांग्रेस उम्‍मीदवार ने अब तक 1,11,09 वोट्स मिले हैं। यहां पर मतगणना का 64.87 फीसदी हिस्‍सा पूरा हो चुका है। मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर पार्टी कब्‍जा कर चुकी है। अजमेर में पार्टी ने अच्‍छी-खासी लीड ले रखी है।

– उलुबेरिया में तृणमूल कांग्रेस की उम्‍मीदवार निकटतम भाजपा प्रतिद्वंदी से अब 3,69,404 वोटों से आगे चल रही हैं। यहां भाजपा मुख्‍य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी है। इस सीट पर 40 फीसदी से ज्‍यादा मुस्लिम आबादी है और यहां से मुस्लिम उम्‍मीदवार दशकों से जीतते आए हैं।

– मांडलगढ़ में 21 में से 17 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। यहां कांग्रेस के विवेक धाकड़ को अब तक 55,782 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के शक्ति सिंह को 55,200 वोट। कांग्रेस यहां पर 282 वोटों से आगे चल रही है।

– कांग्रेस अब राजस्‍थान की सभी सीटों पर लीड कर रही है। अजमेर में कांग्रेस को अब तक 108161 वोट मिले जबकि बीजेपी को 85510। यहां कांग्रेस 22651 मतों से आगे है। अलवर में कांग्रेस ने 172535 मत हासिल किये हैं, जबकि बीजेपी को 133289 वोट मिले हैं। कांग्रेस की बढ़त 39,246 मतों की है। मांडलगढ़ में कांग्रेस को 35166 वोट, बीजेपी को 35050 वोट मिले हैं। यहां कांग्रेस 116 वोट से आगे है।

– न्‍यूज 18 के अनुसार, नोआपारा में टीएमसी उम्‍मीदवार सुनील सिंह 63,018 वोट्स से जीत गए हैं। टीएमसी को कुल 1,11,729 वोट मिले। दूसरे नंबर पर भाजपा रही, जिसके उम्‍मीदवार को 38,771 वोट मिले। सीपीआई (एम) उम्‍मीदवार को 35,497 वोट हासिल हुए। कांग्रेस उम्‍मीदवार को केवल 10,527 वोट मिले।

– रिपोर्ट्स के अनुसार, नोआपारा में 11 राउंड की मतगणना के बाद टीएमसी के सुनील गुप्‍ता को 77,983 वोट्स मिले हैं। भाजपा उम्‍मीदवार 30,220 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। सीपीआई (एम) की गार्गी चटर्जी को 28,732 वोट मिले हैं।

राजस्थान उपचुनाव नतीजे 2018: रुझानों से कांग्रेस गदगद, BJP के लिए खतरे की घंटी

– मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर बीजेपी ने बढ़त बना ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां से शक्ति सिंह हदा 15,419 वोट्स से आगे चल रहे हैं। बंगाल की दोनों सीटों पर टीएमसी क्‍लीन स्‍वीप की ओर बढ़ रही है।

– एएनआई के अनुसार, अलवर में कांग्रेस उम्‍मीदवार करण सिंह यादव 30,985 वोट पाकर सबसे आगे चल रहे हैं। बीजेपी के जसवंत सिंह दूसरे नंबर पर हैं। वहीं अजमेर में भी कांग्रेस उम्‍मीदवार 7,585 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं।

– मांडलगढ़ में बीजेपी के शक्ति सिंह अब 699 वोट पाकर आगे चल रहे हैं। निर्दलीय उम्‍मीदवार गोपाल मालवीय दूसरे स्‍थान पर हैं जबकि कांग्रेस के विवेक धाकड़ तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।

– नोआपारा विधानसभा उपचुनाव में पहले रुझान के बाद टीएमसी को 7,329 वोट मिले हैं। लेफ्ट उम्‍मीदवार गार्गी चटर्जी 2,290 वोट्स के साथ दूसरे नंबर पर ल रही हैं। बीजेपी 2,286 वोटों के साथ तीसरे स्‍थान पर है। कांग्रेस के गौतम बोस को 1,503 वोट्स मिले हैं।

– अलवर और अजमेर, दोनों की सीटों पर शुरुआती रुझान में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। अमजेर से कांग्रेस उम्‍मीदवार रघु शर्मा 4500 वोट से आगे चल रहे हैं। अलवर में 65.2 फीसदी जबकि अमजेर में 61.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। मांडलगढ़ में भी कांग्रेस के विवेक धाकड़ बीजेपी के शक्ति सिंह से आगे चल रहे हैं।

– सभी सीटों पर मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हो गई है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्‍यवस्‍था के पुख्‍ता इंतजाम किये गए हैं। बंगाल के नोआपारा में टीएमसी ने सुनील सिंह को उम्‍मीदवार बनाया है, उनके सामने सीपीआई (एम) की गार्गी चटर्जी, कांग्रेस के गौतम बोस और भाजपा के संदीप बनर्जी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *