यौन शोषण के मामले में जेल की सजा काट रहे आरोपी ने जेल में ही पीड़िता से की शादी

बिहार में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां यौन शोषण के मामले में पिछले 3 साल से जेल की सजा काट रहे आरोपी ने पीड़िता से शादी करने का फैसला किया और फिर कोर्ट के आदेश पर जेल में ही बने मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। हालांकि इस दौरान लड़के पक्ष के लोग इस शादी में शामिल नहीं हुए। वहीं शादी के बाद दूल्हे को फिर से जेल भेज दिया गया है और दुल्हन अपनी मायके चली गई है।

दरअसल मामला 3 साल पुराना है। बिहार के जमुई जिले के गिधौर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले गांव लक्ष्मीपुर के रहने वाले युवक को पास के ही गांव गेनाडीह की एक लड़की से प्यार हो गया। इस बीच दोनों ने शारीरिक संबंध बना लिए, लेकिन जब दोनों के परिजनों को इस प्रेम संबंध के बारे में पता चला तो लड़की के घरवालों ने लड़का पक्ष पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरु कर दिया। लेकिन लड़का पक्ष के लोगों ने शादी से इंकार कर दिया। जिससे बात बिगड़ गई और लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाकर मुकदमा दायर कर दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने लड़के को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

अब जब लड़के को जेल में रहते हुए 3 साल बीत चुके हैं तो आरोपी ने कोर्ट में अर्जी देकर कहा कि वह पीड़िता से शादी करने को तैयार है। लड़के की अर्जी पर कोर्ट ने पीड़िता से उसकी राय पूछी, जिस पर लड़की ने भी अपनी सहमति दे दी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर जेल परिसर में ही बने मंदिर में दोनों की शादी कर दी गई। शादी का पूरा इंतजाम पुलिस द्वारा ही किया गया। वहीं शादी के बाद वर-वधू ने पुलिस अधिकारियों से आशीर्वाद भी लिया। इस शादी से लड़की पक्ष ने अपनी खुशी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *