हिसार: हैवानियत की शिकार बच्ची का अंतिम संस्कार, पुलिस का भरोसा 48 घंटे में पकड़ा जाएगा आरोपी

हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना में हैवानियत की शिकार छह वर्षीय बच्ची का कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को 24 घंटे बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रशासन और परिजनों में बनी सहमति के बाद यह फैसला किया गया। बच्ची की बलात्कार के बाद बेरहमी से हत्या की गई थी। अंत्येष्टि स्थल पर मौजूद लोगों ने लगातार ‘गुड़िया अमर रहे’ के नारे लगाए और हत्यारोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।  गुड़िया को श्रद्धांजलि देने प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी वहां पहुंचे। उन्होंने इस शर्मनाक कांड की निंदा की और आरोपियों को जल्द पकड़ने का विश्वास दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उकलाना पहुंचकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 10 लाख की मदद और परिवार के दो सदस्यों को नौकरी देने की घोषणा की है। इसके साथ ही बीपीएल कार्ड बनाने और मकान बनाने की भी घोषणा की है। साथ ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वे 48 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे। बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई बातों का खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम से पता चला है कि पांच साल की बच्ची का अपहरण करने के बाद उसके साथ बलात्कार किया गया। रिपोर्ट के अनुसार दरिंदे ने मासूम के गुप्तांग में 24 सेंटीमीटर लंबी लकड़ी डाल दी थी जिसमें से 16 से लकड़ी अंदर थी। पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर का कहना है कि लकड़ी गर्भाशय के अंदर बड़ी आंत में जा घुसी थी।

आंत पर चोट के निशान भी मिले हैं। बच्ची के शरीर पर भी खरोंच के निशान थे। उसके कंधे, कमर और चेहरे पर भी चोट के निशान थे। नाक पर चोट लगने के कारण खून निकला और गले पर भी खरोंच के निशान मिले हैं। इन निशानों से लगता है कि बच्ची ने खुद को बचाने की कोशिश की थी लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। गुस्साए स्थानीय लोगों ने इस नृशंस घटना को लेकर प्रदर्शन किया। लड़की के परिजन ने यहां कहा, ‘जब शव हमें सौंपा  गया तो वह खून में सना हुआ था।’ घटना से गुस्साए विपक्षी दल, इंडियन नेशनल लोक दल (आइएनएलडी), कांग्रेस और स्थानीय निवासियों ने अंत्येष्टि स्थल पर मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने रविवार को राज्य सरकार से कहा कि वह अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें सख्त सजा दिलाना सुनिश्चित करे। एनसीपीसीआर (पॉक्सो) के सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि इस घटना में एक व्यक्ति या एक से ज्यादा लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा ‘हम प्रशासन से कहना चाहते हैं कि इस मामले में अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। हम मामले पर लगातार नजर रखे हुए हैं और प्रशासन से आगे की कार्रवाई की जानकारी लेते रहेंगे।

यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि अपराधियों को सख्त सजा मिले। इस मामले में आयोग जल्द ही अपनी एक टीम घटनास्थल पर भेज सकता है।’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि हर दूसरे दिन बलात्कार और हत्या की घटनाएं हो रही है और खट्टर सरकार सो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर ंिसह हुड्डा ने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी वीभत्स घटनाएं दिखाती है कि भाजपा सरकार में ऐसा समय आ गया है कि बच्चे ना तो अपने स्कूलों में सुरक्षित हैं और ना घर में। उन्होंने कहा कि यह वीभत्स घटना 2012 में दिल्ली में हुई 16 दिसंबर बलात्कार मामले की याद दिलाती है। बच्ची का परिवार मजदूरी करता है और वे फतेहाबाद जिले के टोहाना कस्बे के संपेरा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वे पिछले कुछ वर्षों से उकलाना में रेलवे लाइन के पास रह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *