Rohit Sharma: आज तक जो कोई भारतीय नहीं कर पाया, रोहित शर्मा के पास वह ऐतिहासिक कारनामा करने का मौका

Rohit Sharma, Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants, 45th Match: आईपीएल 2025 के 45वें मुकाबले में आज (27 अप्रैल) मुंबई इंडियंस की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ है. मैच के दौरान सभी की निगाहें मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा के ऊपर टिकी रहेंगी. आज के मुकाबले में उनके बल्ले से पांच छक्के और निकलते हैं तो वह आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. 

क्रिस गेल ही केवल लगा पाए हैं 300 छक्के 

आईपीएल में 300 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा अबतक केवल एक बल्लेबाज के ही नाम दर्ज है. वह कोई और नहीं बल्कि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल हैं. 

गेल ने आईपीएल में 2009 से 2021 के बीच कुल 142 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस बीच 141 पारियों में 39.72 की औसत से वह 4965 रन बनाने में कामयाब रहे. 

कैरेबियन बल्लेबाज के बल्ले से इस दौरान कुल 404 चौके और 357 छक्के निकले. खबर लिखे जाने तक वह आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं. 

दूसरे स्थान पर काबिज हैं रोहित 

आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में दूसरे बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं. ‘हिटमैन’ शर्मा आईपीएल में 2008 से शिरकत कर रहे हैं. इस बीच उनके बल्ले से 260 पारियों में 295 छक्के निकले हैं. 

आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी कोई और नहीं आरसीबी के भरोसेमंद बल्लेबाज विराट कोहली हैं. कोहली ने 253 मुकाबलों में 285 छक्के उड़ाए हैं. 

आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 भारतीय 

295 छक्के – रोहित शर्मा 
285 छक्के – विराट कोहली 
260 छक्के – एमएस धोनी 
216 छक्के – संजू सैमसन 
203 छक्के – केएल राहुल