आधी रात को बिगड़ी मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती

दिल्ली में सरकार और उपराज्यपाल के बीच तल्खी का माहौल लगातार बना हुआ है। इस बीच उपराज्यपाल के आवास पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ अनशन पर बैठे दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। वह 11 जून से दिल्ली के एलजी अनिल बैजल के घर राज निवास पर धरना दे रहे थे। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें राजधानी के लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते सत्येंद्र जैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’ केजरीवाल के साथ धरने पर बैठे सत्येंद्र जैन भूख हड़ताल कर रहे थे। एलएनजेपी अस्पताल के डॉ. जेसी पासी के मुताबिक सत्येंद्र जैन फिलहाल ठीक हैं। सुबह से ही उनकी तबीयत खराब थी। उन्हें सिर दर्द और उल्टी हो रही थी। साथ ही सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उनका किटोन काफी कम हो गया था। उनकी हालत देख उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका सिर दर्द कम है।
बता दें कि पिछले सात दिनों से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग और आईएएस अफसरों की हड़ताल खत्म करने सहित कई मांगों को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री गोपाल राय के साथ स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी धरना दे रहे थे।
आम आदमी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सत्येंद्र जैन को अस्पताल में भर्ती कराने की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की गईं हैं। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने इस बारे में ट्वीट करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल पर निशाना साधा है।
Health Minister @SatyendarJain shifted to Lok Nayak Hospital due to his deteriorating health condition. pic.twitter.com/YKaK2TkDxZ
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) June 17, 2018
इससे पहले रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च करने की भी कोशिश की लेकिन उन्हें लोक कल्याण मार्ग तक पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में रोक दिया गया। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के बाहर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इकट्ठा होकर दिल्ली के उपराज्यपाल और आईएएस अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की।