जब ‘सर्कस’ का पहला एपिसोड मां के साथ देखने मुंबई से दिल्ली आए थे शाहरुख खान, पहचान नहीं पाई मां

बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टेलिविजन सीरियल से की थी। बेहतरीन एक्टकिंग और कड़ी मेहनत की वजह से आज उनके फैंस भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हैं। लॉस एंजिलेस टाइम्‍स ने उन्‍हें दुनिया का सबसे बड़ा मूवी स्‍टार बताया है। साल 2014 में एक रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख दुनिया के दूसरे सबसे अमीर एक्‍टर हैं। उनके खाते में 14 फिल्‍मफेयर अवार्ड्स हैं। लंदन के मैडम तुसाद संग्रहालय में उनकी वैक्‍स की मूर्ति भी स्‍थापित है। लेकिन क्या आप जानते हैं शाहरुख को पहली बार टीवी पर देख उनकी मां ने उन्हें पहचाना तक नहीं था? नहीं जानते तो कोई बात नहीं चलिए आज हम बताते हैं वो रोचक किस्सा।

दरअसल ये तब की बात है जब शाहरुख ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी सीरियल सर्कस से की थी। उनकी मां ने उन्हें पहली बार टीवी पर देखकर पहचाना नहीं था। यह किस्सा शाहरुख ने मशहूर एक्टर रहे फारुख शेख के फेमस शो जीना इसी का नाम है में बताया था। शाहरुख ने बताया था कि जब उन्होंने ‘सर्कस’ में काम किया था तब उनकी मां लतीफ फातिमा की तबीयत ठीक नहीं थी। वो हॉस्पिटल के बेड पर काफी नाजुक हालत में थीं और शाहरुख खान सर्कस की शूटिंग कर रहे थे।

शाहरुख ने बताया था कि उन्होंने सीरियल के डायरेक्टर अजीज मिर्जा से कहा कि वो अपने करियर का ये पहला एपिसोड अपनी मां के साथ देखना चाहते हैं तो अजीज और शाहरुख मुंबई से दिल्ली आए और डॉक्टर्स से काफी गुजारिश करने के बाद मां लतीफ फातिमा के हॉस्पिटल रूम में टीवी का अरेंजमेंट कराया गया।

टीवी पर जब सर्कस प्रसारित हुआ और शाहरुख नजर आए तो उनकी मां उन्हें पहचान नहीं पाई थीं। ‘वो उस समय सिर्फ दिलीप कुमार को ही पहचानती थीं। उन्होंने बोल दिया था कि शाहरुख वाहरुख कुछ नहीं है’, तब अजीज उनके पास गए और कहा कि ‘फिक्र मत करो वो भी बड़ा स्टार बनेगा, फेमस एक्टर बनेगा और एक दिन इंशा अल्लाह वो भी दिलीप कुमार के जैसा ही बनेगा।’

बता दें कि सर्कस का पहला एपीसोड साल 1989 में प्रसारित हुआ था और शाहरुख की मां लतीफ फातिमा खान साल 1990 में बीमारी की वजह से चल बसी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *