महाराष्ट्र के शिवसेना नेता के मर्डर में हुआ बड़ा खुलासा, पत्नी ने ही दी थी हत्या की सुपारी

मुंबई की ठाने पुलिस ने भिंवडी में हुई शिवसेना लीडर मर्डर केस में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने शिवसेना के शाहपुर तालुका उपप्रमुख शैलेश निमसे की हत्या में उनकी पत्नी समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शैलेश निमसे की हत्या की साजिश उनकी पत्नी ने ही रची थी। पत्नी ने हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपए की सुपारी दी थी। बता दें कि 20 अप्रैल को पुलिस ने शिवसेना के शाहपुर तालुका उपप्रमुख शैलेश निमसे का आधा जला शव देवचोले गांव से बरामद किया था। इस हत्या कांड में पुलिस को कई और लोगों के शामिल होने का पता चला है, पुलिस अभी भी बाकी 3 आरोपियों को तलाश कर रही है।

शैलेश निमसे मर्डर केस जांच कर रही है पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए प्रमोद लुटे नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रमोद लुटे से पूछताछ के दौरान नेता की पत्नी साक्षी का नाम सामने आया। आरोपी पत्नी ने पकड़े जाने पर हत्या की साजिश के पीछे पति शैलेश के अवैध संबंध और मारपीट बताई है। साक्षी ने बताया कि शैलेश के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, वह उसके साथ मारपीट करता था और जबरन तलाक के कागजात पर दस्तखत कराना चाहता था। इसके अलावा साक्षी ने बताया कि शैलेश उसे जायदाद से भी बेदखल कर सकता था। इसी डर से साक्षी ने पति शैलेश निमसे को मारने के लिए डेढ़ लाख रुपए की सुपारी दी थी।

 

पुलिस के मुताबिक घर में दाखिल हुए आरोपियों ने निमसे की गला दबाकर हत्या की और बाद शव कार में रखकर देवचोले गांव ले गए, जहां शव को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की। छानबीन में जुटी पुलिस को यह भी पता चला कि साक्षी ने एक वकील से हत्या के मामले में अग्रिम जमानत मिलने से जुड़ी पूछताछ की थी। फिलहाल पुलिस इस केस में बाकी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *