शिमला में बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, पहले चंडीगढ़, फिर दिल्ली लाई गईं

यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी गुरुवार देर रात तबीयत खराब होने के कारण शिमला से चंड़ीगढ़ पहुंचीं, जहां से उन्हें शुक्रवार सुबह नई दिल्ली ले आया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शिमला एक निजी दौरे पर गई थीं। रात को वे शिमला से निकलीं, लेकिन चंडीगढ़ पहुंचने पर उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद वे शहर के एक होटल में ठहरीं। सोनिया गांधी को पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने प्रियंका को सलाह दी कि वे अपनी मां को दिल्ली लेकर चली जाएं।

इसके बाद अगले दिन शुक्रवार सुबह 8:30 बजे फ्लाइट से उन्हें दिल्ली लाया गया। इस मामले की पुष्टि शिमला आईजीएमसी अस्पताल के वरिष्ठ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर रमेश चंद ने की। रमेश चंद सोनिया गांधी के साथ ही थे। सोनिया गांधी को एक एम्बुलेंस भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने प्रियंका के साथ अपनी निजी गाड़ी में जाने का फैसला लिया। इसी बीच, पीजीआई चंडीगढ़ के इमरजेंसी विंग के डॉक्टरों को भी अलर्ट कर दिया गया था।

इस मामले की जानकारी देते हुए डॉ. रमेश चंद ने कहा, “फिलहाल, सोनिया गांधी की हालत स्थिर है। शिमला से लंबे सफर के बाद उन्होंने पंचकूला में थोड़ा ब्रेक लिया था। वे पंचकूला के एक होटल में ठहरीं, जहां से सुबह एक स्पेशल फ्लाइट के जरिए उन्हें दिल्ली पहुंचाया गया।” अधिकारियों के अनुसार, सोनिया गांधी की तबीयत ठंड लगने के कारण बिगड़ी थी। शिमला के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी बुधवार को शिमला पहुंची थीं। वे वहां प्रियंका गांधी द्वारा बनवाए जा रहे एक कॉटेज को देखने गई थीं। आपको बता दें कि सोनिया गांधी पिछले हफ्ते कांग्रेस के अधिवेशन में शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने बीजेपी और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा था।

अश्विनी शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *