Sridevi: निधन पर बोले लाल कृष्ण आडवाणी- सिनेमा में राष्ट्रीय एकता की प्रतीक थीं श्रीदेवी

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में निधन हो गया। दुबई में अपने भांजे की शादी में शिरकत करने पहुंची श्रीदेवी ने वहीं पर अपनी अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि श्रीदेवी की मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई। बॉलीवुड में चांदनी और लेडी बच्चन के नाम से मशहूर श्रीदेवी के यूं अचानक इस दुनिया से चले जाने पर लोग गमजदा हैं। सोशल मीडिया पर श्रीदेवी के फैंस उनको याद कर अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भारत के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक ने श्रीदेवी के निधन पर शोक जताया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने भी श्रीदेवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा- ‘श्रीदेवी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का एक चमकता सितारा थीं। उन्होंने बॉलीवुड को भाषाओं के दायरे से बाहर निकाला। श्रीदेवी ने तमाम तमिल तेलुगू और अन्य भाषा की फिल्मों में काम किया। इस तरह से श्रीदेवी ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में राष्ट्रीय एकता के प्रतीक को स्थापित किया।’

इस बीच श्रीदेवी की मौत को लेकर कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किया गया एक ट्वीट विवादों में आ गया। कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर लिखा, ‘श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर हमें दु:ख है। वह एक बेहतरीन अदाकारा थीं। दिग्गज अदाकारा जो अपने शानदार अभिनय के कारण वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। उनके चाहने वालों के प्रति के हमारी गहरी संवेदना। उन्हें वर्ष 2013 में यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान पद्म श्री दिया गया था।’

सोशल मीडिया में इस तरह से चौतरफा हमला होता और खुद को ट्रोल होता देख कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से इस ट्वीट को हटा लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *