महिलाओं के सामने हस्‍तमैथुन के मामले में जमानत पर छूटे टीचर पर बंधक बनाकर रेप करने का आरोप

दिल्ली का एक ताइक्वांडो टीचर कुछ ही दिन पहले जेल से जमानत पर छूटकर आया था। इस शख्स पर दो महिलाओं के सामने हस्तमैथुन करने का आरोप था। 38 साल के इस शख्स पर इस बार एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ रेप करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। ये घटना दक्षिण पश्चिम दिल्ली की है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि संदीप चौहान नाम के इस शख्स पर रेप, छेड़छाड़, पीछा करने, छीनने, डकैती के 25 केस दर्ज किये गये हैं। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डीसीपी मिलिंद महादेव डुम्बेरे ने कहा कि धारा-376 (रेप), 307 (हत्या की कोशिश) 392 (डकैती) 328 (जहर देना) 342 (गलत तरीके से कैद करना) 506 (धमकी देना) के तहत इस शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि ये घटना 29 मई की है। पुलिस के मुताबिक 27 साल की महिला किराये पर अकेली रहती है। 29 मई को महिला रात साढ़े 9 बजे जैसी ही अपने घर में घुसी आरोपी पीछे से घुस गया और उसे अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया, “आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया, महिला पर हमला किया और उसका गला घोंटने की कोशिश की, इसके बाद इस शख्स ने महिला का हाथ और पैर बांध दिया, शख्स ने शराब पी और महिला को भी पीने को मजबूर किया, शख्स ने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया, लगभग 4 बजे सुबह वह उसके घर से बाहर निकला।”

महिला ने पुलिस को बताया कि वह अगले दिन अपने ऑफिस पहुंची और पूरी वारदात अपने एक साथी को बताई। इसके बाद वह उसे वसंत कुंज (उत्तर) पुलिस स्टेशन लेकर गया। महिला ने आरोपी का हुलिया पुलिस को बताया। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी की एक तस्वीर पीड़ित को दिखाई। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत कहा कि इसी शख्स ने उसके साथ रेप किया था। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि महिला ने एक मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज करवा दिया है और पूरी घटना की विस्तार से जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। वह एक स्कूल में बच्चों को ताइक्वांडो सिखाया करता था। पुलिस को आरोपी ने बताया कि उसने से एक बड़े कॉलेज से मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *