VIDEO: इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने युवराज सिंह के ओवर में जड़े थे लगातार 5 छक्के, हर कोई रह गया था भौचक्का

2007 के टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के गेंदबाज स्टूअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार 6 छक्के मारकर युवराज सिंह ने तहलका मचा दिया था। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि युवराज खुद अपने ओवर में इंग्लैंड के एक बल्लेबाज से 5 छक्के खा चुके हैं। दरअसल भारतीय टीम साल 2007 में 7 मैचों की सीरीज खेलने इंग्लैंड दौरे पर गई थी। यह छठा मैच था। 5 सितंबर 2007 को हुए इस मैच में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और ओपनर एलिस्टर कुक बिना खाला खोले आउट हो गए। 20 रनों के स्कोर पर इंग्लैंड को दूसरा झटका मैट प्रायर के रूप में लगा। इसके बाद इयान बेल और केविन पीटरसन ने पारी को संभाला। बेल 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इन दोनों के आउट होने के बाद पॉल कॉलिंगवुड भी चलते बने। 53 रन पर पीटरसन भी आउट हो गए। 137 रनों पर इंग्लैंड के 5 विकेट गिर चुके थे। सबको लगा कि टीम 200 का स्कोर भी नहीं छू पाएगी। लेकिन इसके बाद ओवेज शाह ने 95 गेंदों में 107 रनों की पारी खेली और उनका बखूबी साथ दिया एलजे राइट ने। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा। लेकिन मैच का सबसे हैरतअंगेज क्षण अंतिम ओवर में दिखा। गेंदबाजी कर रहे थे युवराज सिंह और स्ट्राइक पर थे मैस्करेनहास। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। लेकिन इसके बाद हर गेंद को मैस्करेनहास ने सीमा के पास पहुंचाया। उन्होंने लगातार 5 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी। 15 गेंदों में उन्होंने 5 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। युवराज सिंह ने अपने 5 ओवरों में 59 रन लुटा दिए। 6 विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड ने 316 रन बनाए।

317 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 150 रनों की साझेदारी हुई। गांगुली 53 रन बनाकर आउट हुए, जबकि 7 रनों से सचिन सेंचुरी से चूक गए। गौतम गंभीर ने भी जमकर हाथ दिखाए और 47 बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद युवराज सिंह (18) और राहुल द्रविड़ (4) का विकेट गिरने से टीम इंडिया संकट में आ गई। लेकिन महेंद्र सिंह धोनी के 35 और रॉबिन उत्थप्पा के 47 रन नाबाद की बदौलत भारत ने 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह सीरीज 3-3 से ड्रॉ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *