पति बोनी कपूर के साथ श्रीदेवी का आखिरी डांस, निधन पर वायरल हो रहा वीडियो

हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का शनिवार रात (24 फरवरी) निधन हो गया। उनकी आकस्मिक मौत से बॉलीवुड जगत सदमे में है। श्रीदेवी के निधन पर न केवल सिनेमा जगत के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, बल्कि अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें याद किया। श्रीदेवी के गुजरने के बाद उनसे जुड़ा एक खास वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक्ट्रेस इसमें डांस फ्लोर में झूमती नजर आ रही थीं। खास बात यह है कि इस क्लिप में श्रीदेवी अकेली नहीं हैं। उनके साथ इस दौरान पति बोनी कपूर भी थे। वह उन्हें आकर बाहों में पीछे से भरते हैं और फिर साथ में डांस करने लगते हैं। श्रीदेवी भी डांस के दौरान उनका भरपूर साथ देती हैं और उस पल का आनंद लेती हैं। खबरी बाई नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो रविवार दोपहर में पोस्ट किया गया है। क्लिप में श्रीदेवी डांस फ्लोर पर डांस कर रही थीं।

आस-पास उनके कुछ और दोस्त भी थे, जो उनके साथ थिरक रहे थे। अचानक पीछे से काला सूट पहने हुए उनके पति बोनी कपूर आ जाते हैं। वे उन्हें पीछे से पकड़ डांस करने लगते हैं। श्रीदेवी भी पूरी गर्मजोशी के साथ उनका साथ देती हैं। आगे वह बोनी को गले लगा लेती हैं और फिर से डांस करने लगती हैं। इंस्टाग्राम पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा गया, “पति के साथ श्रीदेवी का आखिरी हग।” देखिए और क्या हुआ इस वीडियो में-

 

A post shared by KhabriBhai (@khabribhai) on

आपको बता दें कि श्रीदेवी के निधन के बाद उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए जुटी है। आज रात उनका पार्थिव शरीर स्वदेश लाया जाएगा। शनिवार (24 फरवरी) रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने से श्रीदेवी (54) का निधन हुआ। वह अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में दुबई गई थीं। इस दुखद खबर के आते ही श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के लिये उनके लोखंडवाला स्थित घर के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटना शुरू हो गयी। वह पति बोनी कपूर और दोनों बेटियों जाह्नवी और खुशी के साथ यहीं रहती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *