गुजरात की महिला ने अपने पति पर बॉस संग सोने पर मजबूर करने और पिटाई करने का लगाया आरोप

अहमदाबाद के नारानपुरा इलाके में एक महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया है कि उसका पति उसे अपने बॉस के साथ सोने के लिए मजबूर कर रहा है और मना करने पर बुरी तरह मारता-पीटता है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुर के कई अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं और उन पर पैसे खर्च करने के लिए दोनों उससे पैसे लेते हैं। महिला का कहना है कि उसके पति और ससुर मिर्जापुर इलाके में ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। साथ ही उसके पति एक कार डीलरशिप एजेंसी में भी काम करते हैं।

महिला ने बताया कि साल 2007 में दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के 4 साल तक दोनों के बीच सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद पति और ससुर ने उसे प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। उसका पति उसे अपने कार डीलर बॉस के साथ अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर करता है, ताकि उसका प्रमोशन हो सके। लेकिन जब महिला ने मना कर दिया तो महिला के पति ने कई बार उसके साथ मारपीट की। महिला ने बताया कि उसके पति और ससुर ने अपने अवैध संबंधों की खातिर उसके गहने तक बेच दिए। बता दें कि महिला के 2 बच्चे भी हैं, जिनमें एक 9 साल की बेटी और एक 2 साल का बेटा शामिल है।

महिला के साथ अत्याचारों की लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती है। दरअसल महिला का पति उसकी इच्छा के विपरीत उसे शराब और सिगरेट पीने के लिए मजबूर करता है। साथ ही उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए भी महिला पर दबाव बनाता है। बीते गुरुवार को भी महिला के पति ने महिला के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसे अपना इलाज कराने के लिए अस्ताल जाना पड़ा था। फिलहाल महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 498, 377 और 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *