चलती ट्रेन में महिला के साथ किया गया दुष्कर्म के प्रयास, दूसरी बोगी में बैठे आरपीएफ जवान ने बचाई इज्जत

चेन्नई में चलती ट्रेन में एक 25 साल की महिला के साथ छेड़खानी और फिर दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। चेन्नई के एक लोकल ट्रेन में इस महिला के साथ गंदी हरकत की गई। जानकारी के मुताबिक महिला वेलेचेरी से बीच रोड स्टेशन जा रही थी। तभी ट्रेन में सवार एक मनचले ने पहले उसके साथ छेड़खानी की और फिर दुष्कर्म का प्रयास भी किया। महिला की चीख सुनकर दूसरी बोगी में बैठे रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान ने महिला को इस दरिेंदे की चंगुल से आजाद कराया।

मीडीया रिपोर्ट के मुताबिक ‘महिला बोगी’ में अकेले सफर कर रही इस महिला के साथ यह घटना सोमवार (23 अप्रैल) को हुई। महिला को अकेला देखकर सत्यराज नाम के एक शख्स ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने चिल्ला कर मदद के लिए आवाज लगाई। उस वक्त दूसरी बोगी में मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान शिवाजी ने महिला की चीख सुनी और तुरंत चौकन्ने हो गए। लेकिन उस वक्त ट्रेन चल रही थी लिहाजा सुरक्षाकर्मी का महिला के पास पहुंच पाना संभव नहीं था। लेकिन जैसे ही ट्रेन पार्क स्टेशन पर रुकी, रेलवे सुरक्षा बल का यह जवान फुर्ती दिखाता हुआ महिला बोगी में जा पहुंचा। इसने आरोपी सत्यराज को वहीं धर दबोचा।

दुष्कर्म के प्रयास के दौरान सत्यराज ने महिला के साथ मारपीट भी की थी। महिला के चेहरे पर चोट के निशान थे और वो बदहवासी की हालत में थी। सुरक्षाकर्मी ने पहले ही आरपीएफ को अलर्ट कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जहां आरोपी को गिरफ्तार कर लिया वहीं महिला को तुंरत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। महिला ने कहा कि अगर पुलिस के जवान वहां नहीं आते तो शायद उसकी जान चली जाती। महिला ने मामले के आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी और महिला के साथ कोई ऐसा करने से पहले डरे।

आपको बता दें कि इस वक्त देश के अलग-अलग जगहों से रेप की खबरें लगातार मीडिया में सुर्खियां बनी हुई हैं। दुष्कर्म के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने ‘पॉक्सो’ एक्ट में जरूरी बदलाव भी किये हैं ताकि ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *