निर्मम: प्रेम संंबंध छुपाने को ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर महिला ने की छह साल की बेटी की गला रेत कर हत्या

देश की राजधानी दिल्ली में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। पूर्वी दिल्ली में एक महिला ने अपना प्रेम संबंध छुपाने के लिए पहली कक्षा में पढ़ने वाली छह वर्षीय बेटी की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना गाजीपुर इलाके की है। आरोपियों ने बुधवार को इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

पुलिस ने बताया कि पहली कक्षा में पढ़ने वाली काजल माता-पिता के साथ गाजीपुर डेयरी फार्म के पास रहती थी। बुधवार शाम को वह अपने दो भाइयों के साथ पड़ोस में टीवी देखने गई थी। वह रात 10 बजे तक भी नहीं मिली। इसके बाद तकरीबन साढ़े दस बजे पीसीआर को इसकी सूचना दी गई थी। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम वहां पहुंच गई थी। आधी रात के बाद तकरीबन डेढ़ बजे पड़ोस की छत पर बच्ची का शव मिला था। पुलिस एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुट गई थी। पड़ोस में रहने वाले सुधीर (23) के गायब होने से पुलिस को संदेह हुआ था। पुलिस ने जल्द ही सुधीर का पता लगा लिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘सुधीर ने पूछताछ में बताया कि उसका बच्ची की मां मुन्नी देवी (30) के साथ प्रेम संबंध है। दो दिन पहले (बुधवार से) बच्ची के पिता बाहर गए थे और मुन्नी घर में अकेली थी। सुधीर उससे मिलने गया था। मुन्नी ने काजल को कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर भेज दिया था। कुछ देर में वह वापस आ गई और दोनों को साथ में देख लिया था। काजल ने अपने पिता को इसकी जानकारी देने की बात कही थी।’

पुलिस का कहना है कि इसके बाद सुधीर और मुन्नी ने काजल की हत्या करने की साजिश रची थी। बुधवार को उसने काजल को पड़ोसी के घर से बुलाया और पड़ोस के मकान में ले गया जहां सुधीर पहले से ही इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, मुन्नी ने बच्ची को पकड़ रखा था और सुधीर ने उसकी हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों घटनास्थल से भाग गए। मुन्नी पति के साथ बेटी को ढूंढ़ने में जुट गई। खुद की संलिप्तता को छुपाने के लिए काजल का शव मिलने पर वह बेतहाशा रो भी रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *