टॉयलेट यूज करती लड़की का वीडियो बना रहे युवक को लोगों ने की जमकर पिटाई और किया पुलिस के हवाले

मुंबई के सांताक्रूज इलाके में एक 23 वर्षीय युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी है। युवक पर आरोप है कि वह वकोला में पब्लिक टॉयलेट यूज कर रही लड़की का वीडियो बना रहा था। ऐसा करता देख लोगों ने उसे दौड़ा लिया और पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस घटना की शिकायत लड़की ने वकोला पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित लड़की मुंबई में अपने परिवार के साथ किराये पर रहती है। आरोपी युवक का नाम इंद्रजीत लखन है। आरोपी वकोला में ही दीपक चॉल में रहता है। पूरी घटना शनिवार की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित लड़की सुबह 11 बजे के करीब वकोला के पब्लिक टॉयलेट में शौच के लिये गई थी। इस टॉयलेट में दो सेक्शन हैं। एक परुषों का और दूसरा महिलाओं का। पुरुषों के शौचालय का आखिरी टॉयलेट महिलाओं के सेक्शन से सटा हुआ बना है। आरोप है कि इसी टॉयलेट से इंद्रजीत महिला टॉयलेट में पीड़ित लड़की का अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा था।

लड़की को कुछ आवाज़ सुनाई दी। लड़की ने इधर उधर देखा तो उसे जेन्ट्स टॉयलेट वाली दीवार के पास एक हाथ दिखा। लड़की ने चिल्लाना शुरू कर दिया। आरोपी इंद्रजीत तुरंत शौचालय से बाहर निकल गया और भागने लगा। लड़की के चिल्लाने की आवाज़ सुन शौचालय के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने देखा कि वह लड़का भाग रहा है। भीड़ से कुछ लोग उसके पीछे दौड़ पड़े और उसे पकड़ लिया।

लड़की ने बताया कि ये लड़का वीडियो बना रहा था। लड़की की आपबीती सुन भीड़ ने आरोपी लड़के की पिटाई कर डाली। पीटने के बाद आरोपी को भीड़ ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 354C और आईटी ऐक्ट की धारा 66E के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *