अरविंद केजरीवाल से मिलने गए यशवंत सिन्हा, सिक्योरिटी ने लौटाया तो मोदी सरकार पर बरसे

सौरव रॉय बर्मन

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और उप-राज्यपाल अनिल बैजल के बीच चल रही तकरार बुधवार को चरम पर जाती दिखाई दी। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास से लेकर एलजी आवास तक मार्च किया। इस मार्च के दौरान आम आदमी पार्टी ने अपनी ताकत दिखाने की पूरी कोशिश की। आप नेता संजय सिंह ने ऐलान करते हुए कहा है कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है। खबर है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रविवार को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने की योजना बना रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा भी राजनिवास पहुंचे।

हालांकि यशवन्त सिन्हा को अरविंद केजरीवाल से मिलने नहीं दिया गया। जिस पर यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार पर हमला बोल दिया। यशवंत सिन्हा ने बताया कि मैं राजनिवास में केजरीवाल से मिलने गया था, जब पुलिस ने हमें बताया कि हम उनसे नहीं मिल सकते। इसके बाद हमने उप-राज्यपाल से मिलने की मांग की तो हमें बताया गया कि राज्यपाल ऑफिस में नहीं हैं। मोदी सरकार पर बरसते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि ऐसा लगता है कि केन्द्र सरकार को कुछ दिखाई या सुनाई नहीं दे रहा है। यशवंत सिन्हा ने आगे कहा कि यदि अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री होते तो वह गृहमंत्री तो आदेश देते कि वह चुने गए मुख्यमंत्री से बात करें।

बता दें कि अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया, सत्येंद्र जैन और गोपाल राय एलजी आवास पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आप नेताओं की मांग है कि एलजी हड़ताल कर रहे आईएएस अधिकारियों को काम पर लौटने का आदेश दें और इस हड़ताल के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कारवाई करें। इसके अलावा आप नेताओं ने डोर टु डोर राशन फाइल को जल्द ही मंजूरी देने की भी मांग की है। बता दें कि शाम 3 बजे से लेकर 5 बजे तक आप कार्यकर्ताओं की भीड़ सीएम अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर जमा होने लगी थी। आप के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद आप के नेताओँ और कार्यकर्ताओं ने एलजी आवास की तरफ मार्च करना शुरु कर दिया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हुए थे। आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। गुरुवार को भी आप एलजी निवास तक एक कैंडल लाइट मार्च का आयोजन कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *