गुरमीत राम रहीम सिंह केस: पंजाब-हरियाणा में हाई एलर्ट, दोपहर 2.45 बजे आएगा फैसला

करीब 15 साल पुराने  बलात्कार मामले में दोषी पाए गए गुरमीत राम रहीम सिंह को सोमवार (28 अगस्त) को सजा सुनायी जाएगी। गुरमीत राम रहीम धार्मिक संस्था डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख है। अदालत ने उसे दो लड़कियों के बलात्कार को दोषी पाया। शुक्रवार (25 अगस्त) को पंचकुला की सीबीआई अदालत ने दोषी करार दिया था। गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद उसके समर्थकों ने व्यापक हिंसा और तोड़फोड़ की जिसमें 38 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए। ज्यादातर हिंसा सिरसा और पंचुकला में हुई। दोषी पाए जाने के बाद गुरमीत राम रहीम को रोहतक जेल ले जाया गया।  हिंसा की आशंका के चलते उसे जेल में ही दोपहर ढाई बजे के करीब सजा सुनायी जाएगी। प्रशासन ने सोमवार को हिंसा की आशंका को देखते हुए सिरसा, रोहतक, पंचकुला इत्यादि जिलों में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त किया है। बलात्कार के लिए गुरमीत राम रहीम को  कम से कम सात साल और अधिकतम आजीवन कारावास तक की सजा मिल सकती है।

9.30 AM: हरियाणा और पंजाब में सोमवार को सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हरियाणा के सिरसा में कर्फ्यू लगा है, जो आज भी रहेगा।

9.15 AM: अर्धसैनिकबलों और हरियाणा पुलिस सहित सुरक्षाबलों ने जिला जेल परिसर को चारों ओर से घेर लिया है। सेना को भी अलर्ट पर रखा गया है। जेल परिसर के 10 किलोमीटर तक के दायरे में किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (डीसीपी) बी.एस.संधू ने कहा, “हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। सेना को भी मुस्तैद किया गया है।”

9.00 AM: गुरमीत राम रहीम सिंह को सोमवार को रोहतक के पास सुनारिया जेल में विशेष अदालत द्वारा सजा सुनाई जाएगी। सजा का ऐलान दोपहर 2.30 बजे होगा। रोहतक के पास सुनारिया की जेल में बनाई गई विशेष अदालत सजा का ऐलान करेगी। इसी जेल में डेरा प्रमुख को रखा गया है।

8.30 AM: पुलिस ने शुक्रवार से लेकर अब तक हुई हिंसा में कुल 52 एफआईआर दर्ज की है और 926 लोगों को गिरफ्तार किया है। 38 में से 24 मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने डेरा सच्चा सौदा के 123 में से 103 डेरों को खाली करा दिया है। हरियाणा पुलिस के डायरेक्टर जनरल बीएस संधू ने कहा है कि गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद डेरा सच्चा सौदा के सिरसा स्थित मुख्यालय की गहन तलाशी ली जाएगी। हिंसा की आशंका के चलते हरियाणा के सभी स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थाएं सोमवार को बंद रहेंगी। दिल्ली में भी पुलिस ने हिसा की आशंका के चलते 275 संवेदनशील इलाकों को चिह्नित किया है और करीब दो हजार पुलिसवालों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *