प्रेग्नेंसी में काफी फायदेमंद होता है संतरा, जानें क्या-क्या हैं फायदे

संतरा विटामिन सी का भरपूर भंडार होता है। इसमें कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है तथा यह बहुत से आवश्यक पोषक तत्वों का भरपूर भंडार होता है। संतरे में कैंसर, दिल की बीमारी जैसे घातक रोगों के उपचार के गुण मौजूद होते हैं। संतरे में मौजूद विटामिन सी प्रेग्नेंसी में काफी फायदेमंद होता है। यह मां के इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाता है साथ ही साथ यह शरीर में आयरन और जिंक की मात्रा का स्तर भी बनाए रखने में मदद करता है। तमाम शोधों में यह कहा गया है कि गर्भावस्था में विटामिन सी का सेवन संक्रमण और इसकी वजह से फैलने वाली बीमारियों का खतरा काफी कम कर देता है। इसके अलावा यह बच्चे के दिमाग को भी स्वस्थ बनाता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक एक गर्भवती महिला को प्रतिदिन 80 से 85 मिलीग्राम विटामिन सी का सेवन करना चाहिए। आज हम आपको गर्भावस्था में संतरे के सेवन के और फायदों के बारे में बताने वाले हैं।

1. प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर में पानी का स्तर कभी कम नहीं होना चाहिए। संतरा शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है। साथ ही साथ यह शरीर में पोटैशियम और सोडियम की आपूर्ति करता है। इस वजह से शरीर में पानी का संतुलन बना रहता है।

2. गर्भवती महिलाओं के लिए फोलेट विटामिन काफी लाभदायक होता है, जो संतरे में भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह लाल रक्त कोशिकाओें के निर्माण में मदद करता है साथ ही साथ यह गर्भनाल के विकास में भी अपना योगदान देता है।

3. संतरे में पोटैशियम की काफी मात्रा पाई जाती है। यह गर्भवती महिलाओं में हाई ब्लडप्रेशर रोकने में मदद करता है। इसके अलावा यह फाइबर का भी बेहतरीन स्रोत होता है जो कब्ज तथा पाचन से संबंधित सभी समस्याओं के निदान में काफी उपयोगी होता है।

4. गर्भावस्था में संतरे का नियमित सेवन यूरीन का पीएच मान काफी बढ़ा देता है। साथ ही साथ यह शरीर से साइट्रिक एसिड को बाहर निकालने में भी मदद करता है। इस तरह से संतरा किडनी स्टोन की समस्या से निजात पाने के लिए सर्वोत्तम उपाय है।

5. संतरे में कैरोटिनॉइड की उच्च मात्रा पाई जाती है। यह गर्भावस्था के दौरान श्वांस संबंधी रोगों के उपचार में काफी लाभदायक होता है। इसलिए गर्भवती महिला को हर दिन संतरे का सेवन करना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *