फिर लू से झुलस सकती है राजधानी

दिल्ली में जारी तेज गर्मी से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं और मौसम एजंसियों के मुताबिक एक बार फिर से लू की स्थिति हो सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 42 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के पूर्वानुमानों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान 43 डिग्री के करीब रहेगा। हालांकि, गुरुवार को गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन विशेष राहत 26 जून के पहले नहीं है। दिल्ली और इससे सटे इलाकों में पिछले कुछ दिनों से पारा ऊपर की ओर चढ़ता जा रहा है जिससे गर्मी से एक बार फिर लोगों का बुरा हाल है।

मानसून पूर्व गतिविधियां भी शांत हैं, राजधानी में इस माह केवल 9 जून को हल्की बारिश हुई थी, उसके बाद से मौसम लगभग सूखा है। ऐसे में दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत नहीं है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन, बुधवार को दोनों में खासी बढ़ोतरी देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आइएमडी के मुताबिक गुरुवार को छिटपुट बारिश हो सकती है लेकिन गर्मी से विशेष राहत नहीं है।

अधिकतम तापमान के 43 और न्यूनतम तापमान के 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तापमान के 40 डिग्री के ऊपर और सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक होने के कारण लू जैसी स्थिति रह सकती है। निजी मौसम एजंसी स्काईमेट के मुताबिक राजधानी और आसपास के इलाकों में इस भीषण गर्मी का कारण लगातार बह रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं हैं। इस कारण दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गुरुग्राम और नोएडा में लू जैसी स्थिति रह सकती है। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी होने के कारण मौसम शुष्क रहेगा और उमस से राहत रहेगी। आइएमडी ने अपने पूर्वानुमान में 25 जून से तापमान में थोड़ी कमी दिखाई है और 26 जून को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *