बिहार अररिया उपचुनाव रिजल्ट 2018 LIVE: BJP को पछाड़ RJD ने मारी बाजी, 61 हजार वोटों से जीते सरफराज आलम

Bihar Araria By Election Results 2018 LIVE: अररिया लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने शाम को मतगणना के अंतिम चरण में यह सीट अपने नाम की। पार्टी के सरफराज आलम ने 61,788 वोटों से जीत हासिल की। शाम छह बजे के पहले वह 58 हजार वोटों के साथ आगे चल रही है। मतगणना में इससे पहले, उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी था। थोड़ी देर पहले पीछे चल रहे आरजेडी उम्मीदवार सरफराज आलम एक बार फिर आगे निकल गए थे। उन्होंने एक बार फिर 20,529 मतों से बढ़त बना ली थी। एनआई की खबर के अनुसार इसे पहले आरजेडी उम्मीदवार 12,151 वोटों से आगे चल रहे थे। उन्हें 2,57,108 वोट मिले जबकि भाजपा उम्मीदवार 2,44,957 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वोटों के अंतर के हिसाब से देखा जाए तो आरजेडी तब 12,151 वोटों से आगे चल रही थी। इससे पहले भाजपा के प्रदीप सिंह सात हजार वोटों से आगे चल रहे थे। बता दें कि सरफराज आलम उप चुनाव से पहले जदयू के विधायक थे। उन्होंने विधायकी और जदयू दोनों से इस्तीफा देकर राजद का दामन थामा और लालटेन चुनाव चिह्न पर यह उप चुनाव लड़ा। कांग्रेस और हम ने राजद उम्मीदवार का समर्थन किया था। सरफराज के खिलाफ एनडीए की तरफ से बीजेपी ने पूर्व प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह को फिर से मैदान में उतारा था। अररिया में आरजेडी के आगे चलने पर लालू के छोटे बेटे और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव एक विचारधारा हैं।

साल 2014 में मोदी लहर के बावजूद प्रदीप सिंह हार गए थे। तस्लीमुद्दीन ने उन्हें करीब 1.40 लाख मतों के अंतर से हराया था। 2014 से पहले 2009 के चुनाव में प्रदीप कुमार सिंह जीते थे। उससे पहले यह संसदीय सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित थी। इन चुनावों से पहले अररिया से पांच बार सांसद रहे सुखदेव पासवान बीजेपी छोड़ कर राजद में शामिल हो गए थे। मुस्लिम बहुल अररिया संसदीय क्षेत्र में कुल 17 लाख 37 हजार 468 मतदाता हैं जिन्होंने 1470 बूथों पर लगे ईवीएम में इन उम्मीदवारों की किस्मत कैद कर दी है।

– बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा, “सूबे ने इस बार सहानुभूति में वोट दिया है। मैं हमारा समर्थन करने वालों को शुक्रिया अदा करता हूं। हम जनाधार का स्वागत करते हैं। लेकिन हम निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में 2019 के चुनावों में बाजी मारेंगे।”

– तेजस्वी यादव ने अररिया के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी खुशी का इजहार किया। लिखा, “आरजेडी के प्रति अटूट प्रेम, अखंड विश्वास और अपार जनसमर्थन के लिए जनता का आभार। न्यायप्रिय बिहारवासियों ने जनभावना को ऊपर रखा है। यह जीत बिहार की महान जनता को समर्पित है।”

– सूबे के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने भी चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। कहा, “भाजपा को अपनी फेस वैल्यू पर काम करना बंद कर देना चाहिए। पार्टी को उसके बजाय लोगों के लिए किए जाने वाले काम में प्रयास करने चाहिए। यही एक रास्ता है, जिसके जरिए वह अपनी स्थिति सुधार सकती है। अन्यथा उनका 2019 के चुनाव में वही हाल होगा, जो इस उपचुनाव में हो रहा है।”

– लालू के छोटे बेटे और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, “जो कहते हैं लालू जी खत्म हो गए हैं। आज हम उन्हें कह सकते हैं कि वह एक विचारधारा हैं। बिहार की जनता को इस जीत के लिए धन्यवाद। मांझी जी को भी शुक्रिया।”

– आरजेडी के सरफराज आलम ने जीत का अंतर और ज्याता बनाते हुए 20,529 वोटों से बढ़त बना ली है।

– एनआई की खबर के अनुसार आरजेडी उम्मीदवार को अभी तक 2,57,108 वोट मिले हैं जबकि भाजपा उम्मीदवार 2,44,957 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वोटों के अंतर के हिसाब से देखा जाए तो आरजेडी 12,151 वोटों से आगे चल रही है।

– आरजेडी उम्मीदवार सरफराज ने भाजपा उम्मीदवार को पछाड़ते हुए एक बार फिर बढ़त बना ली है। सरफराज प्रदीप सिंह से 14581 वोटों से आगे निकल गए हैं।

– थोड़ी देर पहले आगे चल रहे आरजेडी के सरफराज आलम एक बार फिर पिछड़ गए। भाजपा के प्रदीप सिंह ने सात हजार वोटों से बनाई बढ़त बना ली है।

– सबकों चौंकाते हुए RJD के सरफराज ने एक बार फिर बनाई बढ़त, भाजपा उम्मीदवार से निकले आगे।

– अररिया लोकसभा सीट पर पहले राउंड की गिनती के बाद भाजपा के प्रदीप सिंह 4,483 वोटों से आगे चल रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार भाजपा को अभी तक 22,218 जबकि आरजेडी उम्मीदवार को 17,735 वोट मिले हैं।

– अररिया सीट पर पीछे चल रहे भाजपा उम्मीदवार प्रदीप सिंह चार हजार से ज्यादा वोटों से आगे। मतगणना में पहली बार पिछड़े सरफराज।

– अररिया सीट पर पीछे चल रहे भाजपा उम्मीदवार प्रदीप सिंह ने कहा है कि फैसला उनके पक्ष में आएगा। वो जल्द ही आरजेडी उम्मीदवार को पछाड़ कर बढ़त बना लेंगे। लोगों ने विकास के लिए एनडीए को वोट दिया है। बिहार की अभी 40 लोकसभा सीटों में 31 पर भाजपा कब्जा है जबकि दो जेडीयू, दो कांग्रेस और तीन सीटें आरजेडी के पास हैं। एक सीट पर निर्दलीय का कब्जा है। अगर अररिया लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज करता है तो बिहार में इसके सांसद की संख्या 32 हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *