ब्लड प्रेशर सहित कई बीमारियों से निजात दिलाता है मूली का सेवन, जानिए और क्या-क्या हैं फायदे

मूली का प्रयोग ज्यादातर सलाद के रूप में किया जाता है। इसके अलावा यह अचार तथा पराठा बनाने के काम भी आता है। आयुर्वेद में इसके कई स्वास्थ्य संबंधी गुणों के बारे में बताया गया है। मूली में फाइटोकेमिकल्स और एंथोक्यानिंस नाम के तत्व पाए जाते हैं जिनसे कैंसर का खतरा कम होता है। साथ ही साथ यह शुगर लेवल को भी बढ़ने से रोकते हैं। मूली में पर्याप्त मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जो शरीर में रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा भी मूली खाने के अनेक फायदे होते हैं। तो चलिए, आज हम आपको बताते हैं कि मूली का सेवन हमें किन-किन बीमारियों से दूर रखने में हमारी मदद करता है।

ब्लड प्रेशर सही रखने में – मूली में पोटैशियम की काफी मात्रा पाई जाती है। यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में हमारी काफी मदद करता है। इसमें एंटी-हाइपरटेंसिव तत्व भी पाया जाता है। जो हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मददगार होता है।

मधुमेह के रोगियों के लिए – मूली में फाइबर की पर्याप्त मात्रा पाई जाती है। इसका नियमित सेवन इंसुलिन को नियंत्रित करने में मददगार है। इस वजह से शरीर में शुगर लेवल नियंत्रित रहता है। शुगर के मरीजों के लिए यह काफी फायदेमंद होता है।

आंखो के लिए भी लाभकारी – मूली में विटामिन ए, बी और सी भी पर्याप्त मात्रा में होता है। यह आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक है। अगर आप रोजाना मूली का सेवन करते हैं तो आपके आंखों की रोशनी कभी कम नहीं होगी।

कब्ज के लिए – मूली में अधिक मात्रा में मौजूद फाइबर इसे कब्ज के रोगियों के लिए अचूक औषधि बनाता है। इसे खाने से आंते भी स्वस्थ रहती हैं तथा पाचन तंत्र दुरुस्त होता है।

सर्दी-खांसी के लिए – मूली में एंटी-कांजेस्टिव गुणों का भी समावेश होता है। यह कफ खत्म करने में मददगार होते हैं। जिन लोगों को अक्सर सर्दी-खांसी की शिकायत रहती है वे लोग नियमित रूप से मूली का सेवन करें। उनके लिए यह काफी फायदेमंद फूड होता है।

किडनी को स्वस्थ रखने में – मूली को प्राकृतिक क्लीनजर कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें डाईयूरेटिक गुण पाया जाता है जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मददगार होता है। यह किडनी की सेहत के लिए बेहद कारगर खाद्य है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *