रमजान में मुस्लिम देशों का दौरा क्यों कर रहे पीएम नरेंद्र मोदी, अखिलेश यादव ने लगाया तुष्टिकरण का आरोप

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इंडोनेशिया की हाल की यात्रा पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज (4 जून) कहा कि क्या वजीर-ए-आजम का मुस्लिम देशों का यह दौरा मुसलमान बिरादरी के ‘अंतरराष्ट्रीय तुष्टीकरण’ की कोशिश है। अखिलेश ने ‘पीटीआई-भाषा‘ से बातचीत में कहा कि भाजपा सपा पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाती रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में कहते हैं कि वह हिन्दू हैं और ईद नहीं मनाते। प्रधानमंत्री मोदी रमजान के इस महीने में इंडोनेशिया और मलेशिया की यात्रा से लौटे हैं। तो क्या यह मुसलमानों के ‘अंतरराष्ट्रीय तुष्टीकरण‘ की कोशिश है? उन्होंने कहा कि बीजेपी सपा पर मुसलमानों के तुष्टिकरण का आरोप लगाती है, लेकिन ये क्या है।

प्रधानमंत्री ने पिछले महीने मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया और मलेशिया की यात्रा की थी। इंडोनेशिया में वह वहां के राष्ट्रपति जोको विदोदो के साथ इस्तिकाल मस्जिद भी गये थे और सम्मानस्वरूप दी गयी चादर ओढ़ी थी। बता दें कि इंडोनेशिया दुनिया का सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश है। दुनिया में मुसलमानों की आबादी वाला दूसरा बड़ा देश भारत है। इंडोनेशिया दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा लोकतंत्र भी है। पीएम मोदी सिंगापुर में भी चुलिया मस्जिद पहुंचे थे। ये मस्जिद भारत के कोरोमंडल तट के चूलिया मुस्लिम व्यापारियों द्वारा अंसार साहिब के नेतृत्व में 1826 में निर्मित की गई थी। पीएम को इस मस्जिद में हरे रंग की चादर भेंट की गई थी।

अखिलेश ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि ना सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लोग इस पार्टी की वादाखिलाफी से नाराज हैं। अब जनता भी समझ गयी है कि ‘‘भूखे पेट ना भजन गोपाला।‘‘ पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा से कहा कि वह अपने नेताओं को कोरी बयानबाजी करने से रोके। भाजपा को पराजय का सामना करना सीख लेना चाहिये, वरना उसे वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव का परिणाम हजम नहीं होगा। तब सत्ता में विपक्ष की वापसी होगी। बता दें कि गोरखपुर, फूलपुर और कैराना में जीत के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव योगी आदित्यनाथ सरकार पर लगातार हमला कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा है कि केन्द्र और उत्तर प्रदेश की सरकार जनता के साथ किये गये सभी वादों पर फेल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *