लालू की रैली: एक मुख्यमंत्री, 6 पूर्व मुख्यमंत्री, दर्जनभर पूर्व केंद्रीय मंत्री हुए शामिल

पटना के गांधी मैदान में आयोजित ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ’ रैली में विपक्षी एकता देखने को मिली। विपक्ष के 17 दलों के नेताओं ने शिरकत की। हालांकि, इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी नहीं आए लेकिन रैली के दौरान सोनिया गांधी का रिकॉर्डेड संदेश सुनाया गया। अपने संदेश में सोनिया ने कहा कि बिहार में जनादेश का अपमान हुआ है। राहुल गांधी के लिखित संदेश को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने पढ़कर सुनाया। इस रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत 6 पूर्व मुख्यमंत्री और करीब दर्जनभर पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने शिरकत की। सभी ने केंद्र की मोदी सरकार और नीतीश कुमार की आलोचना की।

रैली में लालू-राबड़ी समेत जिन 6 पूर्व मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की उनमें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झाविमो नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व सीएम और झामुमो नेता हेमंत सोरेन और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद शामिल हैं। इनके अलावा एनसीपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, आरएलडी नेता जयंत चौधरी समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए शरद यादव ने कहा कि इंकलाब जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि फिर महागठबंधन बनेगा और किसान-मजदूर राज करेगा। शरद ने कहा कि वो हमेशा से गरीबों किसानों के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश खतरे में है।

ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नीतीश-मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग जनता को धोखा देते हैं, उन्हें भगवान धोखा देते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लालू यादव को सीबीआई का डर दिखा रही है। ममता ने कहा कि मोदी सरकार अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल में डाल देती है। शायराना अंदाज में कहा, “मुद्दई लाख चाहे क्या होता है, होता वही है, जो मंजूरे खुदा होता है।”

रैली में लालू के इशारे पर तेजप्रताप ने संबोधन के दौरान सिर पर पगड़ी बांधी और फिर शंखनाद किया। तीन बार शंख बजाते हुए उन्होंने कहा कि मेरा भाई तेजस्वी अर्जुन है और वो स्वयं कृष्ण के अवतार हैं। तेजप्रताप ने कहा कि वे दोनों भाई मिलकर भाजपा का नाश करेंगे। उन्होंने रैली में मौजूद भीड़ को अपनी ओर आकर्षित करते हुए कहा कि आज से भाजपा के खिलाफ शंखनाद हो गया है।

इससे पहले तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश हमारे चाचा थे और रहेंगे परंतु वे अच्छा ‘चाचा’ नहीं हैं। उन्होंने नीतीश के जनता दल (यूनाइटेड) को नकली जद (यू) बताते हुए कहा कि असली जद (यू) शरद चाचा का है। बता दें कि इस रैली में लाखों लोग बिहार के कोने-कोने से पटना पहुंचे थे। पूरा पटना शहर राजद के पोस्टर-बैनर और कार्यकर्ताओं के हुजूम के हरे रंग से पटा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *