अरब सागर में लक्षद्वीप के पास जहाज में लगी भीषण आग, 23 क्रू मेंबर्स बचाए गए, 4 का अब तक पता नहीं

अरब सागर में लक्षद्वीप के पास बुधवार (सात मार्च) देर रात एक जहाज में भीषण आग लग गई। जहाज में अगात्ती से 340 समुद्री मील दूरी (तकरीबन 570 किमी) पर विस्फोट हुआ था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। यह मार्सक कंटेनर जहाज बताया जा रहा है, जिस पर कुल 27 क्रू मेंबर्स सवार थे। 23 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया है, जबकि चार का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। लापता क्रू मेंबर्स को ढूंढने के लिए फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारतीय तट रक्षक ने आज (आठ मार्च) इस संबंध में एक रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरुआत की है। बताया जा रहा है कि क्रू मेंबर्स में 13 लोग भारतीय थे। चार लापता क्रू मेंबर्स में से एक भारतीय मूल का शख्स है। तट रक्षक अधिकारियों का कहना है कि मुंबई स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (एमआरसीसी) को मंगलवार रात नौ बजकर 45 मिनट पर एक मैसेज मिला था, जिसमें सिंगापुर मूल के एक कंटेनर शिप पर विस्फोट होने की जानकारी दी गई थी। 330 मीटर लंबाई वाला मार्सक होनम एक मार्च को सिंगापुर से चला था। भारतीय के अलावा इस जहाज पर सवार क्रू मेंबर्स में रोम, ब्रिटेन, थाईलैंड और फिलीपींस के लोग थे।

 

एमआरसीसी ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पास में मौजूद जल सेना के कुछ जहाजों को इस संबंध में सैटेलाइट आधारित नेटवर्क इंटरनेशनल सेफ्टी नेट (आईएसएन) के जरिए सतर्क किया था। भारतीय तट रक्षक में पश्चिमी कमांड संभालने वाले आईजी के.आर.नौटियाल ने बताया कि वे इस संबंध में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। भारतीय तट रक्षक बल के जहाज इस काम में लगाए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग (डीजीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया कि लापता क्रू मेंबर में भारतीय मूल के शख्स की पहचान कर ली गई है। उसका नाम साकिम हेगड़े है और वह जहाज पर खाना बनाता था। 27 में से अब तक बचाए गए 23 क्रू मेंबर्स को अन्य जहाज के जरिए पास के कोलंबो पोर्ट ले जाया गया था। क्रू मेंबर्स में 13 भारतीय हैं, जिनमें जहाज का कप्तान भी है। कुछ फिलीपींस से हैं, दो सेलर थाईलैंड के हैं। वहीं, ब्रिटेन, रोमानिया और दक्षिण अफ्रीका से एक-एक क्रू मेंबर जहाज पर सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *