आज पाकिस्तान जाकर क़ैद कुलभूषण जाधव से मिल सकेंगी उनकी मां और पत्नी

पाकिस्तान में कैद भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर कुलभूषण जाधव से उनकी पत्नी और मां सोमवार को मुलाकात करेंगी। मुंबई से वे एअर इंडिया की नियमित व्यावसायिक उड़ान से इस्लामाबाद जाएंगी। मुलाकात से कुछ देर पहले दोनों इस्लामाबाद पहुंचेंगी। वहां पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के दफ्तर में जाधव को मिलने के लिए लाया जाएगा। तुरंत बाद वे दोनों भारत लौट आएंगी। इस दौरान दोनों के साथ पाकिस्तान में भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह मौजूद रहेंगे। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने जाधव  की पत्नी और मां को खाने-पीने की कोई वस्तु ले जाने से मना किया है। मुलाकात के बाद दोनों महिलाओं को मीडिया से बातचीत की इजाजत दी गई है।

भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों ने इस मुलाकात को लेकर एक-एक बिंदु पर रविवार तक बातचीत की। पाकिस्तान ने दोनों के लिए 20 दिसंबर को तीन दिनों का वीजा देने का एलान किया था। इस नाते दोनों को शनिवार को भेजे जाने का कार्यक्रम बनाया गया था। लेकिन विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा कारणों से दोनों को सोमवार की सुबह इस्लामाबाद भेजने और मुलाकात के तुरंत बाद लौटा लाने की योजना बनाई। भारतीय अधिकारियों ने दोनों महिलाओं को अपने साथ जाधव के लिए खाने पीने का कोई सामान ले जाने से मना किया है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को शक है कि इस बहाने से पाकिस्तानी अधिकारी जाधव की हत्या कर उनके काने में जहर होने की बात उड़ा सकते हैं। जाधव के परिजनों को पहनने के कपड़े ले जाने की इजाजत दी गई है।

जाधव की पत्नी और मां को पाकिस्तान ने 20 दिसंबर को वीजा दिया। ऐसी अफवाहें फैल रहीं थीं कि 25 दिसंबर को पत्नी और मुलाकात के बाद जाधव को जल्द फांसी दी जा सकती है। इस बारे में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिया है कि ऐसा नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान की यात्रा के दौरान जाधव के परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। गौरतलब है कि पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जाधव को जासूसी के आरोप में फांसी की सजा सुनाई है। भारत का कहना है कि जाधव को ईरान से अगवा किया गया था। भारतीय नौसेना से रिटायर होकर वे ईरान में कारोबार कर रहे थे। हालांकि, पाकिस्तान का दावा है कि जाधव को बलूचिस्तान से तीन मार्च 2016 को पकड़ा गया था। पाकिस्तान ने जाधव पर बलूचिस्तान में अशांति फैलाने और जासूसी का आरोप लगाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *