Women’s Day: फोर्ब्स अरबपति लिस्ट में आठ भारतीय महिलाएं, इनके पास 24 अरब डॉलर की संपत्ति

बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने अरबपतियों की ताजा लिस्ट जारी की है। साल 2018 की इस वर्ल्ड बिलिनेयर लिस्ट में दुनियाभर की कुल 256 महिलाओं को जगह मिली है। खास बात यह है कि लिस्ट में इतनी बड़ी तादात में महिलाओं को पहली बार जगह दी गई है। इसके साथ ही दुनिया के सबसे अमीर लोगों में इस साल भारत की आठ महिलाओं का नाम भी शामिल किया गया है। बता दें कि पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी को इस बार इस लिस्ट से हटा दिया गया है। वर्ल्ड रैंकिंग के हिसाब से देखें तो अमीरों की इस लिस्ट में सावित्री जिंदल को 176वें पायदान पर रखा गया है। इस प्रकार से जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल भारतीय महिलाओं की सूची में सबसे टॉप पर हैं। सावित्री इस समय 8.8 अरब डॉलर संपत्ति की मालकिन हैं।

सावित्री के बाद नाम आता है किरन मजूमदार शॉ का। किरन जेनरिक दवाओं की निर्माता बायोकॉन कंपनी की चीफ हैं जिनकी कुल संपत्ति 3.6 अरब डॉलर है। वर्ल्ड रैंकिंग में किरन को 629वें स्थान पर रखा गया है। भारत के लिहाज से स्मिता कृष्णा गोदरेज तीसरी सबसे अमीर महिला हैं। वर्ल्ड रैंकिंग में 822वां स्थान पाने वाली स्मिता की गोदरेज परिवार की कुल संपत्ति में 1/5 हिस्सेदारी है। लीना तिवारी 2.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति की मालकीन हैं। उन्हें वर्ल्ड रैंकिंग में 1020वें स्थान पर रखा गया है। बता दें कि लीना तिवारी डायबीटीज आदि की दवान बनाने वाली यूएसवी इंडिया कंपनी की चेयरपर्सन हैं।

लीना के बाद नाम आता है विनोद और अनिल गुप्ता का। इन मां-बेटे की हेवल्स इंडिया में 43 फीसदी हिस्सेदारी है और इन्हें वर्ल्ड रैंकिंग में 1103वें स्थान पर रखा गया है। इंजिनियरिंग फर्म थरमेक्स में 62 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली अनु आगा के पास 1.4 अरब डॉलर की संपत्ति है और वह वर्ल्ड रैंकिंग में 1650वें स्थान पर हैं। शीला गौतम और मधु कपूर दोनों को ही फोर्ब्स की वर्ल्ड रैंकिंग में संयुक्त रूप से 1999वें पायदान पर रखा गया है। इन दोनों ही भारतीय महिला अरबपतियों के पास 1.1 अरब डॉलर की संपत्ति है। बता दें कि शीला गौतम स्लीपवेल मैट्रेस बनाने वाली कंपनी शीला फोम की संस्थापक हैं जबकि मधु कपूर यस बैंक में 9.3 फीसदी की हिस्सेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *