Video: तेज रफ्तार ट्रेन की खिड़की से लटककर स्टंट करता लड़का नीचे गिरा और.. वायरल हुआ दिल दहलाने वाला वीडियो

सोशल मीडिया पर एक दिल दहलाने वाले स्टंट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लड़का तेज रफ्तार ट्रेन की एक खिड़की से लटका नजर आता है और कुछ देर बाद वह पटरियों के किनारे औंधे मुंह गिर जाता है। बता दें कि यह वीडियो विचलित कर देने वाला है। फेसबुक पर दी गई जानकारी मुताबिक स्टंट करने वाले लड़के की उम्र 26 वर्ष बताई गई है। घटना बैंगलोर के आसपास की बताई जा रही है। लड़का गुरुवार (12 जुलाई) को तेज रफ्तार नांदेड़ बैंगलोर एक्सप्रेस की खिड़की से लटककर कथित तौर पर स्टंट कर रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा इस बेवकूफाना हरकत पर फूट रहा है साथ ही उन लोगों को लेकर भी रोष देखा जा रहा है जो ट्रेन की चैन खींचने के बजाय वीडियो बनाते रहे। गिरने के बाद लड़के की हालत के बारे में जानकारी नहीं लगी है।

बता दें कि सवा मिनट से ज्यादा के वीडियो में लड़का ट्रेन के डिब्बे की एक खिड़की की ग्रिल पकड़कर लटका हुआ नजर आता है। वीडियो में पीले रंग की टीशर्ट पहने और पीठ पर बैग लटकाए लड़के का चेहरा भी साफ दिखाई देता है। डिब्बे के दरवाजे पर खड़ा शख्स मोबाइल फोन के कैमरे से इस स्टंट का वीडियो बनाता है। वीडियो में ट्रेन अपनी सामान्य रफ्तार पर चलती मालूम पड़ती है। कुछ ही सेकेंड्स में खिड़की से लटके लड़के के हाथ शायद उसका वजन सहन नहीं कर पाते हैं और अचानक उसके पैर पटरियों की कंकरीट से टकराते और लड़का औंधे मुंह गिरकर लुड़कता हुआ एक पत्थर से जा टकराता है। यह रौंगटे खड़े करने वाला लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *