अवैध संबंधों के चलते 6 साल की बच्ची के सामने मां की चाकू गोदकर हत्या

बहलोलपुर गांव में एक महिला की उसके जेठ ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के समय महिला की 6 साल की बेटी मौजूद थी। बच्ची ने ही घटना के बारे में परिजनों को बताया। आरोपी जेठ फरार है। महिला के परिजनों ने पति, जेठ और देवर के खिलाफ थाना फेज-3 में मामला दर्ज कराया है। पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मूल रूप से बुलंदशहर के खुर्जा इलाके की रहने वाली कविता (25) की 9 साल पहले बहलोलपुर के सतबीर (27) से शादी हुई थी। सतबीर नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। कविता के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा लड़का 8 साल, दूसरी लड़की 6 साल और सबसे छोटी 4 साल की लड़की है। घर में कविता और उसके पति के अलावा जेठ प्रकाश (30) और देवर लखन (25) भी साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक, सतबीर शनिवार सुबह काम पर कंपनी गया था। शाम 7 बजे लौटने पर कविता खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली। सतबीर ने 100 नबंर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना फेज-3 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूछताछ में 6 साल की बेटी ने बताया कि स्कूल से लौटने पर दोपहर को मां का ताउ से झगड़ा हो रहा था।

उसे देखकर दोनों कमरे में चले गए। उसके बाद शाम को फिर से झगड़ा हुआ। तब ताऊ प्रकाश ने मां पर चाकू से हमला कर दिया। खून निकलता देख ताऊ वहां से भाग गया। आरोप है कि कविता के प्रकाश से अवैध संबंध थे। प्रकाश की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। आरोपी आए दिन कविता से संबंध बनाने का दबाव बनाता था। जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *