डीयू के नए सत्र का पहला दिन, उत्साह से लबरेज दिखे विद्यार्थी

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शुक्रवार से नए सत्र की शुुरुआत हो गई। पहले दिन कॉलेज आने वाले विद्यार्थी उत्साह से लबरेज थे। उत्तरी और दक्षिणी परिसर के ज्यादातर कॉलेजों में काफी चहल-पहल रही। करीब ढाई महीने से चल रही दाखिले की प्रक्रिया के बाद शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने-अपने कॉलेज पहुंचे। कुलपति योगेश त्यागी ने विद्यार्थियों के नाम स्वागत पत्र जारी किया और उन्हें विश्वविद्यालयीय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों को तीन मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के आदर्श निष्ठा, दृष्टि और सत्यम को याद रखे।

ज्यादातर कॉलेजों ने पहले दिन छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम रखा गया, जिसमें उन्हें कॉलेज व उनके पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उनके बीच रैगिंग के खिलाफ जागरूकता भी फैलाई गई। कुछ कॉलेजों के ओरिएंटेशन सत्र में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद थे। कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने भी ओरिएंटेशन में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों को कॉलेज से परिचित कराया। हालांकि कुछ कॉलेजों ने गुरुवार को ही ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया था, लेकिन डीयू में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत औपचारिक रूप से शुक्रवार को ही हुई। वहीं श्यामा प्रसाद मुखर्जी, किरोड़ीमल कॉलेज, राजधानी कॉलेज व शहीद भगत सिंह समेत कुछ कॉलेजों में गुरुवार को ही नए छात्रों का स्वागत किया गया था।

छात्रों को ओरिएंटेशन डे के दौरान रैगिंग के खिलाफ सूचना व आंतरिक शिकायत समिति (आइसीसी) समेत अन्य जानकारी दी गई। इसके साथ ही कॉलेज, पाठ्यक्रम व टाइम टेबल की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। राजधानी कॉलेज में नए सत्र की शुरुआत पौधरोपण अभियान से हुई। इस दौरान कॉलेज में दस औषधीय पौधे लगाए गए। कॉलेज के पहले दिन विद्यार्थी फैशन के लिहाज से भी खुद को बेहतर दिखाने की कोशिश करते नजर आए। खासकर छात्राएं अपने फैशन और लुक को लेकर काफी सचेत दिखीं। गार्गी कॉलेज, कमला नेहरू कॉलेज, दौलत राम कॉलेज और मिरांडा हाउस में छात्राएं ज्यादा फैशनेबल लुक में नजर आर्इं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *